आसनसोल :- आसनसोल में रसोई गैस की भारी किल्लत से परेशान उपभोक्ताओं के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। एलआईसी मोड़ स्थित पुरुलिया और झारखंड को जोड़ने वाली मुख्य सड़क पर स्थानीय लोगों ने खाली गैस सिलेंडरों को बीच सड़क पर रखकर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने संबंधित गैस एजेंसी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की, जिससे यातायात पूरी तरह ठप हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि पिछले 15 से 20 दिनों से उन्हें गैस सिलेंडर के लिए दौड़ाया जा रहा है, लेकिन एजेंसी की ओर से केवल आश्वासन ही मिल रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने मीडिया को बताया कि जब भी वे सिलेंडर लेने एजेंसी जाते हैं, तो उन्हें "दो दिन बाद आने" का झांसा देकर लौटा दिया जाता है। उपभोक्ताओं की शिकायत है कि एजेंसी में न तो कोई कर्मचारी ठीक से जवाब देता है और न ही प्रबंधन द्वारा फोन उठाया जा रहा है। बार-बार चक्कर लगाने के बाद भी सिलेंडर न मिलने से नाराज होकर लोगों को सड़क पर उतरने के लिए मजबूर होना पड़ा। हंगामे की सूचना मिलते ही आसनसोल साउथ पुलिस फाड़ी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि वे इस मामले में एजेंसी प्रबंधन से बात कर समस्या का जल्द समाधान कराएंगे, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रण में लिया जा सका।




0 Comments