West Bengal Assembly Election 2026 : कितने चरण में होंगे चुनाव ? मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कही बड़ी बात


कोलकाता
:- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लेने के लिए केंद्रीय चुनाव आयोग की पूर्ण बेंच इन दिनों पश्चिम बंगाल के दौरे पर है। दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने स्पष्ट किया कि राज्य में आगामी चुनाव पूरी तरह से स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाएंगे। इस बैठक में उनके साथ चुनाव आयुक्त विवेक जोशी, सुखबीर सिंह संधू और राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनोज अग्रवाल भी मौजूद रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने स्पष्ट संदेश दिया है कि किसी भी वैध मतदाता का नाम मतदाता सूची से नहीं हटाया जाएगा और मतदाता बिना किसी डर या दबाव के लोकतंत्र के इस उत्सव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। इसके अलावा, भीड़ को नियंत्रित करने के लिए आयोग ने निर्णय लिया है कि किसी भी बूथ पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होंगे। 

मतदाताओं को राहत देते हुए यह भी जानकारी दी गई कि वे बूथ के बाहर निर्धारित स्थान पर अपना मोबाइल रखकर अंदर मतदान करने जा सकेंगे। चुनाव प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए ईवीएम को लेकर भी नए निर्देश जारी किए गए हैं। अब ईवीएम पर उम्मीदवारों की रंगीन तस्वीरें होंगी, जिससे मतदाताओं को पहचान में आसानी होगी। यदि किसी उम्मीदवार को चुनाव के बाद संदेह होता है, तो वह सात दिनों के भीतर ईवीएम की जांच करवा सकेगा। मुख्य चुनाव आयुक्त ने पुलिस और प्रशासन को सख्त लहजे में पूरी तरह निष्पक्ष होकर कार्य करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, राज्य में चुनाव कितने चरणों में होंगे, इस पर ज्ञानेश कुमार ने कहा कि कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तृत समीक्षा के बाद ही अंतिम निर्णय लिया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments