आसनसोल :- आसनसोल के एक निजी अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला जमीला खातून की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया। बर्नपुर के आलम नगर की निवासी जमीला खातून को शुगर और लो ब्लड प्रेशर की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मृतका के बेटे इरफान का आरोप है कि उनकी मां की मृत्यु मंगलवार शाम 5 बजे ही हो गई थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने अवैध तरीके से पैसे वसूलने के उद्देश्य से रात 7:45 बजे मौत की सूचना दी। परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में घोर लापरवाही बरतने और बकाया बिल का भुगतान न करने तक शव सौंपने से इनकार करने का गंभीर आरोप लगाया है।
घटना से उत्तेजित परिजनों ने अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन और हंगामा किया, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा। परिजनों का कहना है कि अस्पताल ने केवल आर्थिक लाभ के लिए मरीज को रोके रखा और सही उपचार नहीं दिया। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं आया है।



0 Comments