Asansol में जिला निर्वाचन अधिकारी ने की सर्वदलीय बैठक

आसनसोल :- भारत निर्वाचन आयोग द्वारा पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव की तारीखों के एलान के बाद चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। सोमवार को पश्चिम बर्दवान जिले के डीएम व निर्वाचन अधिकारी एस. पोन्नाबलम की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त सुनील कुमार चौधरी और एसडीओ विश्वजीत भट्टाचार्य समेत कई वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। जिलाशासक ने बैठक में स्पष्ट किया कि जिले में वर्तमान में 2504 बूथ हैं, लेकिन जहां मतदाताओं की संख्या 1200 से अधिक है, वहां सहायक बूथ बनाए जाएंगे, जिससे कुल बूथों की संख्या 2588 तक पहुंच सकती है। उन्होंने बताया कि 15 मार्च तक जिले में मतदाताओं की संख्या 18 लाख से अधिक दर्ज की गई है।

हालांकि, बैठक के दौरान मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने प्रशासन को घेरा। तृणमूल कांग्रेस के प्रतिनिधि आकाश मुखर्जी ने कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि मतदाता सूची का फाइनल प्रकाशन किए बिना चुनाव की घोषणा करना समझ से परे है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के नेतृत्व में पार्टी तब तक शांत नहीं बैठेगी जब तक हर वैध मतदाता का नाम सूची में शामिल नहीं हो जाता। कांग्रेस के जिला अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती ने भी सुर मिलाते हुए इसे अन्यायपूर्ण करार दिया और मांग की कि 'अंडर एडजुडिकेशन' (विचाराधीन) श्रेणियों वाले सभी पात्र नागरिकों को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए।


भाजपा प्रतिनिधि प्रशांत चक्रवर्ती ने भी बैठक में अपनी पार्टी की ओर से कई संगठनात्मक मुद्दे उठाए। दूसरी ओर, जब जिलाशासक एस. पोन्नबलम से विचाराधीन मतदाताओं के मुद्दे पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने इसे कोर्ट का मामला बताते हुए किसी भी टिप्पणी से इनकार कर दिया। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार, जिले में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा और 4 मई को परिणाम घोषित किए जाएंगे। प्रशासन ने निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments