Asansol में आदिवासी युवक का लहूलुहान शव मिलने से सनसनी, हत्या की आशंका


आसनसोल :- आसनसोल उत्तर थाना अंतर्गत कन्यापुर पुलिस फाड़ी क्षेत्र के राय मैदान में सोमवार तड़के एक आदिवासी युवक का रक्तरंजित शव बरामद होने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान पांचगछिया कपटिया इलाके के निवासी विष्णु हेंब्रम के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही कन्यापुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुँची और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। इस दौरान भारी संख्या में आदिवासी समुदाय के लोग भी घटनास्थल पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया है।

घटनास्थल की स्थिति काफी संदिग्ध बताई जा रही है। पुलिस को शव के पास से शराब की एक बोतल और कुछ प्लास्टिक के गिलास बरामद हुए हैं। इन साक्ष्यों के आधार पर पुलिस का प्रारंभिक अनुमान है कि युवक वहां अकेला नहीं था और शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर हुए विवाद में उसके साथ मारपीट की गई, जो अंततः उसकी मौत का कारण बनी। हालांकि, मौके से अब तक कोई हथियार बरामद नहीं हुआ है, जिससे यह मामला और भी उलझ गया है। पुलिस इस बिंदु पर भी जांच कर रही है कि क्या युवक की हत्या कहीं और करके शव को यहां फेंका गया है या घटना इसी स्थान पर अंजाम दी गई।


मृतक के परिजनों का कहना है कि विष्णु हेंब्रम पेशे से राजमिस्त्री था और उसकी किसी से कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। परिजनों ने बताया कि सोमवार शाम को वह किसी काम से बाहर जाने की बात कहकर घर से निकला था और जल्द वापस आने का वादा किया था, लेकिन रात भर घर नहीं लौटा। मंगलवार सुबह परिवार को सूचना मिली कि उसका शव राय मैदान में पड़ा है। परिजनों के मौके पर पहुँचते ही वहां कोहराम मच गया और उनके विलाप से माहौल गमगीन हो गया। परिवार ने पुलिस प्रशासन से दोषियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर कठोर सजा देने की मांग की है।

फिलहाल पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिरी बार विष्णु को किसके साथ देखा गया था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल पाएगा। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था और गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी तरह के तनाव को रोका जा सके।

Post a Comment

0 Comments