Asansol में रसोई गैस की किल्लत पर फूटा गुस्सा, खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर प्रदर्शन


आसनसोल :- औद्योगिक शहर आसनसोल के साउथ पुलिस फाड़ी क्षेत्र अंतर्गत एलआईसी (LIC) मोड़ पर रसोई गैस की भारी किल्लत से त्रस्त उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब दे गया। सोमवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली और कालाबाजारी के खिलाफ खाली सिलेंडर सड़क पर रखकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस विरोध प्रदर्शन के कारण आसनसोल-पुरुलिया-झारखंड को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग घंटों बाधित रहा, जिससे यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। नाराज उपभोक्ताओं ने नारे लगाते हुए गैस एजेंसी पर वादाखिलाफी के गंभीर आरोप लगाए। उपभोक्ताओं ने रसोई गैस के कालाबाजारी किए जाने से गंभीर आरोप लगाए। 


प्रदर्शनकारियों का सबसे बड़ा आरोप यह है कि करीब एक महीने पहले बुकिंग कराने के बावजूद उन्हें सिलेंडर नहीं मिल रहा है, जबकि उनके मोबाइल पर डिलीवरी सफल होने के फर्जी मैसेज आ रहे हैं। जब उपभोक्ता एजेंसी के दफ्तर पहुँचते हैं, तो उन्हें कोई संतोषजनक उत्तर नहीं मिलता और केवल आश्वासन देकर टाल दिया जाता है। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने कहा कि एजेंसी द्वारा "आज-कल" का खेल खेलकर उन्हें परेशान किया जा रहा है, जिससे घरों में चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। गौरतलब है कि इस मुद्दे पर पहले भी दो बार सड़क जाम की जा चुकी है, लेकिन प्रशासन और एजेंसी के ढुलमुल रवैये के कारण समस्या जस की तस बनी हुई है।

हंगामे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुँची और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। पुलिस अधिकारियों द्वारा गैस एजेंसी से बात करने और जल्द से जल्द सिलेंडर उपलब्ध कराने के ठोस आश्वासन के बाद ही जाम खोला जा सका। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर गैस वितरण प्रणाली की पारदर्शिता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि अगर जल्द ही आपूर्ति सुचारू नहीं हुई, तो वे और भी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

Post a Comment

0 Comments