कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के आगामी राजनीतिक रण के लिए भाजपा ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार सुबह प्रदेश भाजपा ने आधिकारिक पोस्टर जारी कर घोषणा की कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 15 मार्च को कोलकाता के ऐतिहासिक ब्रिगेड परेड ग्राउंड में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी जनसभा के साथ भाजपा की राज्यव्यापी ‘परिवर्तन यात्रा’ का समापन होगा। यह अभियान रविवार से शुरू हो रहा है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत केंद्र के कई दिग्गज नेता अलग-अलग क्षेत्रों में कमान संभाल रहे है। भाजपा ने राज्य के 10 संगठनात्मक विभागों में से 9 में इस यात्रा का खाका तैयार किया है, जबकि कोलकाता विभाग को समापन रैली की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रविवार को अभियान की शुरुआत करते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और सुवेंदु अधिकारी पश्चिम मेदिनीपुर के गढ़बेता से यात्रा का शुभारंभ किया। वहीं, कुल्टी में अन्नपूर्णा देवी और स्मृति ईरानी मोर्चा संभालेंगी। इसके साथ ही जेपी नड्डा कृष्णनगर दक्षिण और नितिन नवीन कूचबिहार से अभियान को गति देंगे। सोमवार को गृह मंत्री अमित शाह मथुरापुर में जनसभा करेंगे, जबकि राजनाथ सिंह हावड़ा और शिवराज सिंह चौहान संदेशखली जैसे संवेदनशील क्षेत्र से यात्रा की शुरुआत करेंगे। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी बीरभूम में इस अभियान का हिस्सा बनेंगे। भाजपा के इस व्यापक शक्ति प्रदर्शन ने राज्य के चुनावी माहौल को पूरी तरह गरमा दिया है।

0 Comments