कोलकाता :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राज्य में अपनी सांगठनिक शक्ति को धार देने के लिए बड़ी रणनीति तैयार की है। सूत्रों के मुताबिक, BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आगामी 24 से 26 मार्च के बीच बंगाल के दौरे पर आ सकते हैं। अपने इस महत्वपूर्ण प्रवास के दौरान वह राज्य के पांचों संगठनात्मक क्षेत्रों के शीर्ष नेतृत्व के साथ अहम बैठकें करेंगे, जिसका मुख्य उद्देश्य जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकजुट करना और चुनावी तैयारियों की समीक्षा करना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के इस संगठनात्मक दौरे के तुरंत बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तूफानी चुनावी प्रचार की शुरुआत होने की संभावना है। सरकारी और पार्टी कार्यक्रमों के अनुसार, 30 मार्च को रामनवमी के उत्सव के बाद प्रधानमंत्री अपनी जनसभाओं का आगाज कर सकते हैं। चुनाव प्रचार के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आसनसोल भी आ सकते हैं। BJP नेतृत्व का मानना है कि प्रधानमंत्री की ये रैलियां राज्य के चुनावी समीकरणों को बदलने में निर्णायक भूमिका निभाएंगी। पार्टी इस बार सांगठनिक मजबूती और प्रधानमंत्री के करिश्माई नेतृत्व के दम पर बंगाल की सत्ता पर काबिज होने के लिए कोई कोर-कसर नहीं छोड़ना चाहती।

0 Comments