जयदेव खां को BJP जिला कमेटी का स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाने पर TMC-BJP में आरोप-प्रत्यारोप


दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- रानीगंज के वक्तानगर ग्राम के निवासी जयदेव खां को भाजपा की आसनसोल जिला कमेटी में 'स्थाई आमंत्रित सदस्य' बनाए जाने पर राजनीति गरमा गई है। बुधवार को तृणमूल भवन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मंत्री डॉ. शशि पांजा और चंद्रिमा भट्टाचार्य ने भाजपा पर 'सिंडिकेट राज' और 'माफिया राज' को संरक्षण देने का गंभीर आरोप लगाया। तृणमूल कांग्रेस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर जयदेव खां की केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पूर्व कोयला मंत्री प्रल्हाद जोशी के साथ तस्वीरें साझा करते हुए सवाल उठाया कि क्या अपराधियों को पद देना ही भाजपा का 'स्वच्छ भारत अभियान' है ? तृणमूल नेताओं का आरोप है कि भाजपा आरोपियों को सार्वजनिक जीवन से हटाने के बजाय उन्हें पार्टी में ऊंचे पद और मंत्रियों तक सीधी पहुंच प्रदान कर रही है। 


बुधवार को दुर्गापुर में भी पश्चिम बर्दवान जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने प्रेस कांफ्रेंस कर बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने जयदेव खां को बीजेपी जिला कमेटी का स्थाई आमंत्रित सदस्य बनाए जाने पर हैरानी जताई और बीजेपी पर शब्दों के तीर चलाए। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान तृणमूल कांग्रेस के राज्य सचिव वी शिवदासन दासु, विधायक व तृणमूल के जिला चेयरपर्सन हरेराम सिंह, तृणमूल महिला कांग्रेस की जिलाध्यक्ष असीमा चक्रवर्ती, अभिजीत घटक भी उपस्थित रहे। दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे तृणमूल कांग्रेस का नाटक करार दिया है। भाजपा नेता और पूर्व मेयर जितेंद्र तिवारी ने तृणमूल कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि तृणमूल अपनी विफलताओं से ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मनगढ़ंत आरोप लगा रही है।

Post a Comment

0 Comments