पांडेश्वर (राम बाबू यादव) :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के मद्देनजर पांडेश्वर विधानसभा क्षेत्र में सियासी पारा गरमाता जा रहा है। चुनाव प्रचार के बीच भाजपा को उस वक्त बड़ा झटका लगा जब वैद्यनाथपुर अंचल में भाजपा के बूथ अध्यक्ष (BLA-2) ने अपने समर्थकों के साथ पार्टी छोड़कर तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती के चुनावी प्रचार अभियान के दौरान भाजपा छोड़कर आए बूथ अध्यक्ष समेत अन्य कार्यकर्ताओं को तृणमूल कांग्रेस में शामिल करवाया। तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती ने इन कार्यकर्ताओं के हाथों में तृणमूल कांग्रेस का झंडा पकड़ाया। इसे इलाके में भाजपा के गढ़ में बड़ी सेंधमारी के रूप में देखा जा रहा है।
बुधवार को वैद्यनाथपुर में तृणमूल प्रत्याशी नरेंद्रनाथ चक्रवर्ती जनसंपर्क अभियान के लिए पहुंचे थे। उसी समय न केवल भाजपा बल्कि माकपा (CPIM) के भी कई सक्रिय कार्यकर्ता विपक्षी खेमा छोड़कर सत्ताधारी दल में शामिल हो गए। पाला बदलने वाले कार्यकर्ताओं का स्पष्ट कहना है कि वे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के विकास कार्यों से प्रभावित होकर इस खेमे में आए हैं। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि चुनाव से ठीक पहले बूथ स्तर के नेताओं का इस तरह पार्टी छोड़ना विपक्ष के लिए बड़ा सिरदर्द साबित हो सकता है।




0 Comments