चुनाव कर्मियों और पार्टी कार्यकर्ताओं पर हमले के विरोध में BJP ने कोकओवन थाना का घेराव किया


दुर्गापुर :- दुर्गापुर नगर निगम के 30 नंबर वार्ड अंतर्गत करंगपाड़ा इलाके में रविवार को चुनाव आयोग के कर्मियों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ हुई मारपीट की घटना ने अब राजनीतिक तूल पकड़ लिया है। इस हमले के विरोध में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सोमवार को कोकओवन थाना का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया। घटना उस समय हुई थी जब सरकारी दीवार से चुनाव प्रचार संबंधी लेखन मिटाने गए आयोग के दो कर्मियों के साथ कथित रूप से मारपीट की गई। बीच-बचाव करने पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं पर भी हमले का आरोप है।


इस घटना के विरोध में भाजपा समर्थकों ने थाना परिसर के बाहर जमकर नारेबाजी की और हमलावरों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के कारण इलाके में काफी देर तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंची भारी पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को शांत कराया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस मामले में पहले ही कुछ गिरफ्तारियां की जा चुकी हैं और अन्य दोषियों को चिन्हित करने के लिए जांच जारी है। भाजपा ने चेतावनी दी है कि यदि कड़ी कार्रवाई नहीं हुई, तो वे आंदोलन तेज करेंगे।


Post a Comment

0 Comments