टेनिस दिग्गज लिएंडर पेस BJP में शामिल, विधानसभा चुनाव से पहले बढ़ी राजनीतिक सरगर्मी

कोलकाता :- भारतीय टेनिस के दिग्गज और ओलंपिक पदक विजेता लिएंडर पेस ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। नई दिल्ली में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और डॉ सुकांत मजूमदार की उपस्थिति में उन्होंने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। गौरतलब है कि गोवा में 2022 में विधानसभा चुनाव थे। उससे पहले नवंबर 2021 में उन्होंने गोवा में ममता बनर्जी के हाथों तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सदस्यता ग्रहण की थी। हालांकि, पूर्व टेनिस स्टार को तृणमूल की सक्रिय राजनीति में उस तरह से नहीं देखा गया। इस अवसर पर पेस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि 40 वर्षों तक देश के लिए खेलने के बाद अब वे खेल और युवाओं की सेवा करना चाहते हैं। उन्होंने 'खेलो इंडिया' और 'टॉप्स' जैसी योजनाओं की सराहना करते हुए खेल शिक्षा पर जोर देने की बात कही। केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने पेस का स्वागत करते हुए उन्हें बंगाल के युवाओं का प्रेरणास्रोत बताया और उल्लेख किया कि वे प्रसिद्ध बंगाली कवि माइकल मधुसूदन दत्त के वंशज हैं। पार्टी का मानना है कि आगामी चुनावों में पेस के जुड़ने से पश्चिम बंगाल में भाजपा को बड़ी मजबूती मिलेगी। पेस ने महिला सशक्तिकरण के लिए समान अवसर छात्रवृत्ति कार्यक्रम शुरू करने का अपना सपना भी साझा किया।

Post a Comment

0 Comments