जामुड़िया के चुरुलिया कोयला खदान में विभिन्न मांगों को लेकर BJP का प्रदर्शन


जामुड़िया :- पश्चिम बंगाल विद्युत विकास निगम लिमिटेड (WBPDCL) की चुरुलिया स्थित कोयला खदान में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर BJP ने मंगलवार को जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आंदोलन की शुरुआत सुबह चुरुलिया हाटतला से एक विशाल रैली के रूप में हुई। रैली जब माइंस के समीप चौमाथा मोड़ पर पहुंची, तो प्रदर्शनकारी वहीं सड़क पर धरने पर बैठ गए, जिसके कारण खदान क्षेत्र में वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप हो गया। भाजपा प्रत्याशी डॉ. बिजन मुखर्जी के नेतृत्व में किए गए इस प्रदर्शन के दौरान स्थानीय प्रशासन और खदान प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए थे।


भाजपा के इस विरोध प्रदर्शन का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के चार स्कूलों को दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने के फैसले को रोकना है। आंदोलनकारियों ने कोलियरी में स्थानीय बेरोजगार युवाओं को रोजगार देने की मांग को प्रमुखता से उठाया। साथ ही, अजय नदी से बड़े पैमाने पर हो रही अवैध बालू तस्करी पर चिंता व्यक्त करते हुए इस पर तुरंत पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की गई।

Post a Comment

0 Comments