आसनसोल :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की घोषणा से ठीक पहले राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य के सभी प्रमुख दल अपनी-अपनी रणनीति के साथ मैदान में उतर चुके हैं। इसी कड़ी में वामपंथी संगठनों ने भी अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। रविवार को अखिल भारतीय फॉरवर्ड ब्लॉक की ओर से कुल्टी विधानसभा के नियामतपुर स्थित एक निजी प्रेक्षागृह में भव्य कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा पर माल्यार्पण और एक रैली के साथ हुई, जिसमें कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। सम्मेलन में मुख्य रूप से फॉरवर्ड ब्लॉक के पश्चिम बर्द्धमान जिला संपादक भवानी आचार्य, युवा लीग के जिला अध्यक्ष शाहिद राजा, कुल्टी लोकल कमेटी के सचिव अशोक माजी और जिला फॉरवर्ड ब्लॉक के चेयरमैन अनीत मल्लिक सहित कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए आगामी चुनावों के लिए कमर कसने का आह्वान किया। जिला संपादक भवानी आचार्य ने कहा कि वामपंथी मोर्चा जनता के मुद्दों को लेकर चुनावी मैदान में उतरेगा और कुल्टी सहित पूरे जिले में संगठन को मजबूत किया जा रहा है। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर जनसंपर्क बढ़ाने और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुँचाने का निर्देश दिया। चुनाव की तारीखों के औपचारिक ऐलान से पहले हुए इस सम्मेलन को क्षेत्र में वाम दलों के शक्ति प्रदर्शन के रूप में देखा जा रहा है।



0 Comments