रानीगंज :- रानीगंज शहर के मारवाड़ी युवा सम्मेलन मैदान में मारवाड़ी मित्र परिषद और मारवाड़ी युवा सम्मेलन, रानीगंज शाखा के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 'होली प्रीति मिलन समारोह' ने राजस्थानी संस्कृति की अनूठी छटा बिखेरी। रंगारंग कार्यक्रमों से सजे इस उत्सव में पूरे मारवाड़ी समाज ने एकजुट होकर एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। समारोह का मुख्य आकर्षण कोलकाता से आए कलाकारों की 'रंग रंगीलो म्हारो राजस्थान' की प्रस्तुति रही, जिसने उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित उद्योगपति रामकुमार सारदा ने समाज की एकजुटता की सराहना की। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आज रानीगंज में राजस्थानी संस्कृति की जो भव्य झलक देखने को मिल रही है, उसे देखकर ऐसा प्रतीत होता है मानो समूचा राजस्थान ही यहाँ उतर आया हो। अपनी जड़ों और परंपराओं को जीवित रखने का यह प्रयास सराहनीय है। कार्यक्रम के दौरान रामकुमार सारदा और काशी झुनझुनवाला को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही सीताराम जी स्टेट के जुगल किशोर गुप्ता, कृष्णा तोडी, मनोज सराफ, विष्णु सराफ, विष्णु अग्रवाल, राजीव जैन, विश्वनाथ खड़के, राकेश तोडी और संदीप भालोटिया जैसे गणमान्य व्यक्तियों का अभिनंदन किया गया।
मारवाड़ी मित्र परिषद के अध्यक्ष अनूप सराफ ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्य पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि होली का यह पावन पर्व आपसी प्रेम और भाईचारे का प्रतीक है। हमारा उद्देश्य अपनी सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुँचाना और समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोना है। इस प्रीति मिलन के माध्यम से हमने अपनी परंपराओं का उत्सव मनाया है। समारोह में राजस्थानी लोक गीतों और नृत्यों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया, जिससे पूरा परिसर उत्सव के उल्लास में सराबोर नजर आया।




0 Comments