रसोई गैस की किल्लत और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का प्रदर्शन, कोयले के चूल्हे पर खाना बनाकर जताया विरोध

दुर्गापुर :- रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और भारी किल्लत के विरोध में जिला राष्ट्रीय कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने रविवार को दुर्गापुर की सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया। यह विरोध मार्च दुर्गापुर के पांचमाथा मोड़ से शुरू होकर प्रांतिका तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी समर्थक शामिल हुए।

प्रदर्शन के दौरान एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जब जिला कांग्रेस की महिला नेताओं ने सड़क पर ही प्रतीक के तौर पर कोयले के चूल्हे पर खाना पकाया। महिलाओं का कहना था कि गैस के दाम इतने बढ़ गए हैं और उपलब्धता इतनी कम है कि अब आम जनता को फिर से पुराने दौर में लौटने पर मजबूर होना पड़ रहा है। जिला कांग्रेस अध्यक्ष देवेश चक्रवर्ती और जिला महिला अध्यक्ष मेघना मन्ना ने केंद्र सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि युद्ध जैसी वैश्विक परिस्थितियों के बीच ईंधन का संकट पैदा होना केंद्र की विफलता है। पर्याप्त गैस स्टॉक न रखने के कारण आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई, तो वे और भी बड़ा आंदोलन करेंगे।


दूसरी ओर, भाजपा जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने इस प्रदर्शन पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कांग्रेस की स्थिति 'तेजपत्ता' जैसी है, जिसे स्वाद के लिए डाला तो जाता है पर बाद में फेंक दिया जाता है। इसलिए कांग्रेस की बातों पर सिर खपाने की कोई जरूरत नहीं है।

Post a Comment

0 Comments