जामुड़िया (राम बाबू यादव) :- जामुड़िया थाना अंतर्गत चुरूलिया इलाके में स्थित एक खुली खदान (ओपन कास्ट माइन) में विरोध प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई। देखते ही देखते विरोध की यह आग चुरुलिया मोड़ स्थित तृणमूल कांग्रेस के पार्टी कार्यालय तक पहुँच गई, जहाँ उग्र भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। प्राप्त विवरण के अनुसार, खुली खदान में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच स्थानीय फकीर पाड़ा के कुछ उपद्रवियों ने पहले चुरुलिया माइंस को जबरन बंद करा दिया। इसके बाद उत्तेजित भीड़ चुरुलिया हाटतला पहुंची और वहां स्थित तृणमूल कांग्रेस के कार्यालय में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी। हमलावरों ने न केवल कार्यालय को क्षति पहुँचाई, बल्कि वहां लगे पार्टी के झंडे भी उखाड़ फेंके।
तृणमूल कांग्रेस की आंचलिक कमेटी के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने इस तरह से अचानक पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ और पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट घटना को लेकर हैरानी जताई। घटना की सूचना मिलते ही चुरुलिया आउटपोस्ट की पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ इतनी अधिक थी कि स्थिति को नियंत्रित करने में सुरक्षाबलों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। उग्र प्रदर्शनकारियों ने पार्टी कार्यालय पर जमकर ईंट-पत्थर बरसाए, जिससे वहां मौजूद कई तृणमूल कार्यकर्ता घायल हो गए। इस दौरान कार्यालय के बाहर खड़ी कई मोटरसाइकिलों और चार पहिया वाहनों को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया गया। इसी बीच, जब खदान के साइट इंचार्ज विकास दत्त वहां से गुजर रहे थे, तो भीड़ ने उन्हें देखते ही उन पर हमला बोल दिया। उनकी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई और उनके साथ भी मारपीट की गई। घायलों में टीएमसी के क्षेत्रीय अध्यक्ष समेत कई कार्यकर्ता शामिल हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है। फिलहाल पुलिस इलाके में गश्त कर रही है और स्थिति पर नजर बनाए हुए है।




0 Comments