कोलकाता :- विधानसभा चुनाव की गहमागहमी के बीच महानगर से सटे गड़िया के महामायांतला इलाके में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार को एक ब्यूटी पार्लर के भीतर घुसकर एक युवक ने पार्लर संचालिका की धारदार हथियार से वार कर हत्या कर दी और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर ली। मृत महिला की पहचान 50 वर्षीय रूपबानी दास के रूप में हुई है, जो नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र में अपना पार्लर चलाती थीं। पुलिस के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत होता है। फिलहाल आरोपी की पहचान और हमले के कारणों की गहन जांच की जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, हमलावर युवक कश्मीर का निवासी बताया जा रहा है, जिसने आपसी संबंधों में तनाव के चलते इस खूनी खेल को अंजाम दिया। वारदात के समय इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय दुकानदार डर के मारे भाग खड़े हुए। सूचना मिलते ही पुलिस की विशाल टीम मौके पर पहुँची और दोनों को अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चुनाव के कारण सुरक्षा बलों की मौजूदगी के बावजूद दिनदहाड़े हुई इस घटना ने स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है।



0 Comments