आसनसोल :- पश्चिम बंगाल-झारखंड सीमा पर स्थित सालानपुर थाना अंतर्गत रूपनारायणपुर चेकपोस्ट पर पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए यात्री बस से भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त की है। रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस द्वारा चलाए गए नियमित नाका चेकिंग अभियान के दौरान बराकर से झारखंड के दुमका की ओर जा रही एक बस को रोका गया। प्रारंभिक जांच में बस सामान्य नजर आ रही थी, लेकिन पुलिस को संदेह होने पर जब सघन तलाशी ली गई, तो अधिकारी दंग रह गए। बस के भीतर विशेष रूप से लोहे का एक गुप्त चैंबर (केबिन) बनाया गया था, जिसमें विभिन्न नामी ब्रांडों की शराब की पेटियां छिपाकर रखी गई थीं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई शराब की बाजार में अनुमानित कीमत कई लाख रुपये बताई जा रही है। तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए बस की बनावट में बदलाव कर शराब छिपाने का यह शातिर तरीका अपनाया था, ताकि इसे आसानी से दुमका पहुंचाया जा सके। रूपनारायणपुर फाड़ी पुलिस ने अवैध शराब की सभी पेटियों को कब्जे में ले लिया है और इस तस्करी के पीछे जुड़े गिरोह की पहचान करने में जुट गई है। चुनाव के मद्देनजर सीमावर्ती इलाकों में सुरक्षा और जांच बढ़ा दी गई है, जिसके कारण तस्करी के इस बड़े प्रयास को विफल करने में सफलता मिली। फिलहाल पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

0 Comments