डुबुरडीही चेकपोस्ट पर भारी मात्रा में अवैध शराब के साथ युवक गिरफ्तार

आसनसोल :- पश्चिम बंगाल और झारखंड की सीमा पर विधानसभा चुनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था अत्यंत कड़ी कर दी है। इसी क्रम में 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित डुबुरडीही चेकपोस्ट पर अंतरराज्यीय नाका चेकिंग के दौरान भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने इस मामले में एक युवक को हिरासत में लिया है। 


मिली जानकारी के अनुसार, चौरांगी फांड़ी की पुलिस, आबकारी विभाग और केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल के जवान संयुक्त रूप से वाहनों की तलाशी ले रहे थे। तभी झारखंड की ओर से बराकर की तरफ आ रही एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को रोका गया।तलाशी लेने पर बाइक से विभिन्न नामी ब्रांडों की शराब की बोतलें बरामद हुईं। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए युवक की पहचान झारखंड के धनबाद जिले के निरसा निवासी मिथिलेश कुमार रवानी के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान वह शराब से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। कार्रवाई के दौरान मौके पर एसएसटी (SST) मजिस्ट्रेट सहित प्रशासन के उच्चाधिकारी मौजूद थे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चुनाव को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी गई है। झारखंड से बंगाल में किसी भी प्रकार की अवैध वस्तु के प्रवेश को रोकने के लिए नाका पॉइंट पर सीसीटीवी और केंद्रीय बलों का कड़ा पहरा लगाया गया है।

Post a Comment

0 Comments