उम्मीदवारों की घोषणा के बाद कांग्रेस में बगावत, जिला कांग्रेस ऑफिस में तोड़फोड़ और तालाबंदी

पूर्व बर्दवान :- विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस द्वारा रविवार को उम्मीदवारों की सूची जारी किए जाने के बाद पूर्व बर्दवान जिले में पार्टी के भीतर भारी असंतोष और अराजकता की स्थिति पैदा हो गई है। सूची से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं के एक गुट ने जिला कांग्रेस कार्यालय पर धावा बोल दिया। प्रदर्शनकारियों ने न केवल कार्यालय में जमकर तोड़फोड़ की, बल्कि मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अपना नया ताला जड़ दिया।

बिक्षुब्ध कार्यकर्ताओं का गंभीर आरोप है कि मंतेश्वर, बर्द्धमान दक्षिण, बर्द्धमान उत्तर और खंडाघोष जैसी महत्वपूर्ण सीटों पर ऐसे व्यक्तियों को टिकट दिया गया है, जिनका सीधा संबंध तृणमूल कांग्रेस (TMC) या भारतीय जनता पार्टी (BJP) से है। आरोप लगाया गया है कि कई उम्मीदवारों के परिवार के सदस्य या तो TMC संचालित पंचायतों के सदस्य हैं या BJP में अहम पदों पर आसीन हैं। स्थानीय कार्यकर्ताओं ने जिला नेतृत्व पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि वर्षों से पार्टी के लिए खून-पसीना बहाने वाले निष्ठावान कार्यकर्ताओं की अनदेखी कर बाहरी और दूसरे दलों से आए लोगों को पैसों के बदले टिकट 'बेचा' गया है।

नाराज कार्यकर्ताओं ने दो टूक कहा कि वे पार्टी के आदर्शों को ताक पर रखकर लिए गए इस फैसले को किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं करेंगे। इस अप्रत्याशित घटनाक्रम ने न केवल कांग्रेस की आंतरिक गुटबाजी को उजागर किया है, बल्कि जिले के राजनीतिक हलकों में पार्टी नेतृत्व की पारदर्शिता पर भी बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Post a Comment

0 Comments