पुलिस ऑब्जर्वर ने नियामतपुर के विभिन्न मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण

कुल्टी :- आगामी 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक तत्परता बढ़ गई है। चुनाव आयोग के निर्देशानुसार, मंगलवार को पुलिस ऑब्जर्वर बी.एल. मीणा ने आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत कुल्टी विधानसभा क्षेत्र के नियामतपुर क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नियामतपुर पुलिस फाड़ी के प्रभारी मिहिर कुमार दे और अन्य पुलिस अधिकारियों के साथ विभिन्न बूथों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व बुनियादी ढांचे की समीक्षा की। अधिकारियों की टीम ने विशेष रूप से नियामतपुर धर्मशाला, लछीपुर ब्रह्मचारी स्कूल और शिव दत्त राय गोयनका फ्री प्राइमरी स्कूल सहित कई संवेदनशील मतदान केंद्रों का दौरा किया। 


पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य बूथों की वर्तमान स्थिति और वहां उपलब्ध सुविधाओं का आकलन करना है। यदि किसी बूथ पर बुनियादी ढांचे से जुड़ी कोई कमी पाई जाती है, तो उसकी विस्तृत रिपोर्ट सीधे चुनाव आयोग को भेजी जाएगी ताकि समय रहते सुधार किया जा सके। सोमवार रात को भी पुलिस प्रशासन द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था को परखा गया था, ताकि शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराया जा सके।

Post a Comment

0 Comments