नामी मिष्ठान प्रतिष्ठान के ढोकले में निकला कीड़ा, जांच के लिए पहुंची दुर्गापुर नगर निगम की टीम

दुर्गापुर :- औद्योगिक शहर दुर्गापुर के एक प्रतिष्ठित मिष्ठान प्रतिष्ठान 'साहा स्वीट्स' में खाने की गुणवत्ता को लेकर शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक ग्राहक द्वारा ऑनलाइन ऑर्डर किए गए ढोकले के अंदर कथित तौर पर कीड़ा पाया गया। इस घटना के सामने आने के बाद इलाके के खाद्य प्रेमियों में भारी रोष और चिंता देखी जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ग्राहक ने ऑनलाइन माध्यम से साहा स्वीट्स की गुरुद्वारा शाखा से ढोकला मंगवाया था। आरोप है कि भोजन करने के बाद ग्राहक की तबीयत बिगड़ने लगी और उसे असहज महसूस होने लगा। जब उसने ढोकले के पैकेट की बारीकी से जांच की, तो वह दंग रह गया। शिकायतकर्ता के मुताबिक, ढोकले के अंदर सफेद रंग का एक लंबा जीवित कीड़ा मौजूद था। इस घटना की खबर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर आग की तरह फैल गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए रविवार को दुर्गापुर नगर निगम की एक उच्च स्तरीय टीम हरकत में आई। निगम के प्रशासक मंडल की चेयरपर्सन अनिंदिता मुखर्जी और वाइस चेयरमैन धर्मेंद्र यादव अन्य अधिकारियों के साथ उक्त मिठाई दुकान की जांच करने पहुंचे। निगम की टीम ने दुकान के गोदाम, रसोई और भोजन भंडारण (स्टोरेज) क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ-सफाई के मानकों की जांच की और प्रतिष्ठान को सख्त दिशा-निर्देश दिए। इस घटना ने शहर के नामी होटलों और रेस्तरां में स्वच्छता और खाद्य सुरक्षा के दावों पर एक बार फिर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।

Post a Comment

0 Comments