रानीगंज में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश, एचपी गैस एजेंसी की कार्यप्रणाली पर उठे सवाल

रानीगंज :- औद्योगिक शहर रानीगंज में रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य नहीं होने के कारण उपभोक्ताओं का धैर्य जवाब देने लगा है। विशेष रूप से बर्न्स प्लॉट स्थित एचपी गैस एजेंसी के खिलाफ लोगों में गहरा असंतोष देखा जा रहा है। उपभोक्ताओं का सीधा आरोप है कि गैस बुक करने और ऑनलाइन भुगतान करने के बावजूद हफ्तों तक सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जा रही है। इस अव्यवस्था के कारण उपभोक्ताओं को बार-बार गैस एजेंसी के कार्यालय और गोदाम के चक्कर काटने पड़ रहे हैं, जिससे न केवल उनका समय बर्बाद हो रहा है बल्कि उन्हें मानसिक प्रताड़ना भी झेलनी पड़ रही है। गौरतलब है कि इस समस्या को लेकर कुछ दिन पहले ही उत्तेजित उपभोक्ताओं ने एजेंसी के कार्यालय पर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया था, लेकिन स्थिति में अब तक कोई सुधार नहीं दिख रहा है।


एजेंसी की लचर सेवा का शिकार हुए उपभोक्ता हर्षवर्धन खेतान ने अपना दर्द साझा करते हुए बताया कि उन्होंने गत 3 मार्च को ही ऑनलाइन गैस बुक कर राशि का भुगतान कर दिया था, लेकिन 24 मार्च बीत जाने के बाद भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला। उन्होंने बताया कि जब वे गैस की तलाश में कुमार बाजार स्थित गोदाम पहुँचे, तो वहां की स्थिति और भी बदतर मिली। गोदाम जाने पर भी खाली हाथ लौटना पड़ा, जबकि पिछले दो दिनों से गोदाम पूरी तरह बंद है और वहां सूचना पट्ट (बोर्ड) लगा दिया गया है। हर्षवर्धन खेतान ने सवाल उठाया कि जब केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री देश में रसोई गैस की पर्याप्त उपलब्धता का दावा कर रहे हैं, तो रानीगंज के उपभोक्ताओं को इस बुनियादी जरूरत के लिए दर-दर क्यों भटकना पड़ रहा है।

गैस किल्लत का सबसे बुरा असर दूर-दराज के इलाकों से आने वाली महिलाओं पर पड़ रहा है, जो घंटों कार्यालय के बाहर खड़ी रहकर खाली सिलेंडर के साथ घर लौटने को मजबूर हैं। उपभोक्ताओं का कहना है कि डिजिटल इंडिया के दौर में भुगतान के बावजूद सेवा न मिलना एजेंसी की घोर लापरवाही को दर्शाता है। यदि जल्द ही आपूर्ति सामान्य नहीं हुई, तो आने वाले दिनों में उपभोक्ताओं का यह आक्रोश किसी बड़े आंदोलन का रूप ले सकता है।

Post a Comment

0 Comments