दुर्गापुर तैलिक साहू समाज ने धूमधाम से मनाया होली मिलन समारोह, पारंपरिक लोकगीतों से सजी शाम

दुर्गापुर :- रंगों के पावन त्योहार होली के आगमन से पूर्व दुर्गापुर तैलिक साहू समाज की ओर से एक भव्य होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। शहर के बेनाचिति स्थित उत्तर पल्ली भवन में आयोजित इस रंगारंग कार्यक्रम में समाज के सैकड़ों सदस्यों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम की विशेषता यह रही कि इसमें महिलाओं ने भी बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी दर्ज कराई और उत्सव के आनंद को दोगुना कर दिया। समारोह का विधिवत शुभारंभ समाज के संरक्षक रामसेवक साह, अध्यक्ष जगत नारायण साह, राजेश प्रसाद और अन्य गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया। दीप प्रज्वलन के साथ ही पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से सराबोर हो गया।

इस वर्ष के आयोजन में सबसे खास और आकर्षक पहलू पलाश के फूलों का उपयोग रहा। समाज के लोगों ने प्रकृति के रंगों का सम्मान करते हुए एक-दूसरे को पलाश के फूलों की माला पहनाई और अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं। इस दौरान पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। स्थानीय कलाकारों द्वारा गाए गए होली के पारंपरिक गीतों पर समाज के लोग देर रात तक झूमते नजर आए। शनिवार की रात तक चले इस सांस्कृतिक कार्यक्रम में तैलिक साहू समाज के तमाम सदस्य पूरी तरह से फगुआ के रंग में रंगे दिखे और आपसी भाईचारे का संदेश दिया।

समारोह को संबोधित करते हुए दुर्गापुर तैलिक साहू समाज के संरक्षक रामसेवक साह ने कहा कि समाज की ओर से हर वर्ष इस तरह के मिलन समारोह का आयोजन किया जाता है। इसका मुख्य उद्देश्य समाज के सभी परिवारों को एक मंच पर लाना है ताकि व्यस्त दिनचर्या के बीच लोग एक साथ खुशियां साझा कर सकें। उन्होंने समाज की एकजुटता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि दुर्गापुर तैलिक साहू समाज के उत्थान और इसे नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए संगठन हमेशा प्रयासरत रहेगा। अध्यक्ष जगत नारायण साह ने भी समाज के युवाओं और महिलाओं की सक्रियता की सराहना करते हुए सभी एकजुट रहने की अपील की।

Post a Comment

0 Comments