दुर्गापुर :- दुर्गापुर के इस्पात नगर (स्टील सिटी) स्थित एक आवासीय परिसर में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना बी-जोन स्थित एडिसन रोड की है, जहां एक मकान की दूसरी मंजिल से अचानक आग की लपटें उठती देख स्थानीय लोग सहम गए। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और घर से धुआं निकलने लगा।
स्थानीय निवासियों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत घटना की सूचना दमकल विभाग को दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दमकलकर्मियों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया और आग आसपास के घरों में फैलने से रुक गई।
प्राथमिक जांच में पता चला है कि जिस वक्त आग लगी, उस समय घर में कोई भी मौजूद नहीं था। दमकल विभाग का अनुमान है कि आग संभवतः बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों और इससे हुए नुकसान का अभी तक स्पष्ट आकलन नहीं हो पाया है। घटना के बाद से ही क्षेत्र के निवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।



0 Comments