दुर्गापुर :- दुर्गापुर महकमा अस्पताल में पश्चिम बर्द्धमान, बांकुड़ा और बीरभूम सहित कई जिलों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों की सुविधा के लिए 'मां कैंटीन' के नए शेड का उद्घाटन किया गया। शुक्रवार को राज्य के पंचायत, ग्रामोन्नयन एवं सहकारिता मंत्री प्रदीप मजूमदार ने आधिकारिक रूप से इस शेड का लोकार्पण किया। इस अवसर पर आसनसोल दुर्गापुर विकास प्राधिकरण (ADDA) के चेयरमैन कवि दत्त, महकमा शासक सुमन विश्वास और अस्पताल के अधीक्षक डॉ. धीमान मंडल सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
अस्पताल परिसर में पहले से ही मात्र पांच रुपये में अंडा-चावल उपलब्ध कराने वाली 'मां कैंटीन' संचालित है, जो गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा साबित हुई है। अब एडडा (ADDA) द्वारा निर्मित इस नए शेड के बन जाने से लोगों को धूप और बारिश से सुरक्षा मिलेगी और वे सुकून से बैठकर भोजन कर सकेंगे।
उद्घाटन के दौरान मंत्री प्रदीप मजूमदार ने कहा कि मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की इस पहल का मुख्य उद्देश्य आम जनता को बेहद कम कीमत पर पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना है। उन्होंने जोर देकर कहा कि दूर-दराज से आने वाले लोगों को अस्पताल में इलाज के साथ-साथ भोजन और बैठने की उचित व्यवस्था मिले, यह सरकार की प्राथमिकता है। नया शेड तैयार होने से मरीजों के परिजनों को अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और वे अस्पताल परिसर में ही सम्मानजनक तरीके से विश्राम और भोजन कर सकेंगे। उपस्थित अधिकारियों ने भी विश्वास जताया कि इस बुनियादी ढांचे के विस्तार से अस्पताल की सेवाओं में और अधिक सुधार होगा।




0 Comments