पूर्व बर्दवान :- पश्चिम बंगाल के पूर्व बर्दवान जिले के केतुग्राम ब्लॉक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सरकारी क्वार्टर में एक हृदयविदारक घटना घटी है। छत का एक बड़ा हिस्सा (चांगड़) गिरने से चार महीने की मासूम बच्ची प्रियदर्शी की दर्दनाक मौत हो गई। मृत बच्ची के पिता सानु बेसरा केतुग्राम के सीताहाटी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र में फार्मासिस्ट हैं और माँ शिवानी सोरेन कटवा नगर पालिका के तहत स्वास्थ्य केंद्र में लैब असिस्टेंट हैं। घटना के समय बच्ची फर्श पर सो रही थी, तभी अचानक छत का भारी प्लास्टर उसके सिर पर आ गिरा। परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बच गए, लेकिन गंभीर रूप से घायल बच्ची ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। इस घटना ने सरकारी आवासों की जर्जर हालत और स्वास्थ्य बुनियादी ढांचे की बदहाली को उजागर कर दिया है। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने जर्जर क्वार्टर की मरम्मत के लिए कई बार लिखित आवेदन दिया था, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ध्यान नहीं दिया। स्थानीय निवासियों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। उनका कहना है कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण एक मासूम की जान चली गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, लेकिन इस घटना ने सरकारी व्यवस्थाओं पर गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।

0 Comments