रानीगंज (राम बाबू यादव) :- रानीगंज थाना अंतर्गत तिरात हाराभांगा शिवानंद सेवाश्रम के समीप सोमवार को हुए सड़क हादसे ने हिंसक रूप ले लिया। तेज रफ्तार अनियंत्रित डंपर ने साइकिल सवार ईंट भट्ठा श्रमिक अविनाश मुर्मू (23) को कुचल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। मृतक डामरा इलाके का निवासी था। इस घटना से उत्तेजित ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने तिरात के पास दामोदर नदी स्थित बालू घाट पर धावा बोल दिया। उग्र भीड़ ने वहां खड़े बालू लदे आधा दर्जन से ज्यादा ट्रक व डंपरों को आग के हवाले कर दिया, जिससे पूरे इलाके में रणक्षेत्र जैसी स्थिति बन गई।
यह हादसा उस समय हुआ जब अविनाश ईंट भट्ठे से काम खत्म कर अपने घर लौट रहा था। दुर्घटना की पूरी घटना पास में लगे एक सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें साफ दिख रहा है कि कैसे डंपर ने युवक को अपनी चपेट में लिया और उसकी साइकिल के परखच्चे उड़ा दिए। मौत की खबर फैलते ही आसनसोल दक्षिण से भाजपा प्रत्याशी अग्निमित्रा पाल तुरंत मौके पर पहुंचीं और स्थानीय ग्रामीणों के साथ बीच सड़क पर धरने पर बैठ गईं।
प्रदर्शन के दौरान पुलिस प्रशासन को जनता के भारी आक्रोश का सामना करना पड़ा। अग्निमित्रा पाल ने प्रशासन पर तीखा हमला बोलते हुए पीड़ित परिवार के लिए 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस की मिलीभगत से इलाके में अवैध बालू खनन और ओवरलोड डंपरों का आतंक बना हुआ है। उन्होंने कहा कि बालू माफिया पुलिस की नाक के नीचे सक्रिय हैं और आए दिन मासूम लोग इन बेलगाम वाहनों की भेंट चढ़ रहे हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।
घंटों चले इस हंगामे और सड़क जाम के कारण यातायात पूरी तरह ठप रहा। मौके पर तैनात भारी पुलिस बल ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया और आश्वासन दिया कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल इलाके में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया गया है।





0 Comments