देश में पेट्रोल,डीजल व रसोई गैस की किल्लत पर केंद्र सरकार ने जारी की एडवाइजरी

नई दिल्ली :- ईरान के साथ अमेरिका और इजरायल की पिछले कई दिनों से सैन्य संघर्ष चल रहा है। इस बीच सोशल मीडिया पर पेट्रोल और डीजल की कमी को लेकर फैल रही भ्रामक खबरों और वायरल रील्स पर लगाम लगाते हुए भारत सरकार और पेट्रोलियम कंपनियों ने स्पष्ट किया है कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है। दरअसल, सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि ईरान द्वारा 'होर्मुज जलडमरूमध्य' (Strait of Hormuz) को बंद किए जाने के कारण भारत में कच्चे तेल की आपूर्ति ठप हो सकती है, जिससे पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ेंगे और किल्लत पैदा होगी। लेकिन केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्रालय ने इन दावों को पूरी तरह निराधार और फर्जी करार दिया है।

सरकार की ओर से जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, देश में कच्चे तेल के साथ-साथ पेट्रोल, डीजल और एटीएफ (हवाई ईंधन) का पर्याप्त भंडार मौजूद है, जो मध्य पूर्व के किसी भी अल्पकालिक संकट से निपटने में सक्षम है। मंत्रालय ने स्पष्ट किया है कि भारतीय ऊर्जा कंपनियों के पास ऐसे वैकल्पिक स्रोत और मार्ग भी उपलब्ध हैं जो होर्मुज स्ट्रेट पर निर्भर नहीं हैं। पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति और स्टॉक की स्थिति पर 24 घंटे नजर रखने के लिए एक विशेष नियंत्रण कक्ष (Control Room) भी स्थापित किया गया है।




इसी कड़ी में हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) ने भी बयान जारी कर कहा है कि उनका पूरा नेटवर्क सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और देशभर में एलपीजी सहित सभी ईंधन पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हैं। नागरिकों से अपील की गई है कि वे सोशल मीडिया पर चल रहे उकसाने वाले संदेशों के कारण पैनिक न करें और न ही पेट्रोल पंपों पर अनावश्यक भीड़ लगाएं। किसी भी जानकारी के लिए केवल आधिकारिक और प्रामाणिक स्रोतों पर ही भरोसा करें।


मध्य पूर्व में चल रहे भू-राजनीतिक घटनाक्रमों के मद्देनजर, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पूरी ने मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों (PSUs) के साथ कच्चे तेल, एलपीजी और अन्य पेट्रोलियम उत्पादों की आपूर्ति की स्थिति की समीक्षा की। मंत्री ने कहा है कि ​हम लगातार बदलती स्थिति की निगरानी कर रहे हैं और देश में प्रमुख पेट्रोलियम उत्पादों की उपलब्धता तथा सामर्थ्य सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Post a Comment

0 Comments