दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव की तारीखों का अभी औपचारिक ऐलान नहीं हुआ है, लेकिन चुनाव आयोग ने स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी चुनावी तत्परता के तहत शनिवार को औद्योगिक नगरी दुर्गापुर के मेनगेट इलाके में केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने रूट मार्च किया। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और मतदाताओं के मन से भय दूर करने के उद्देश्य से शनिवार को केंद्रीय अर्द्ध सैनिक बल के जवानों ने दुर्गापुर थाना व वारिया फाड़ी की पुलिस के साथ मिलकर रुट मार्च किया।
यह रुट मार्च मुख्य रूप से दुर्गापुर स्टील प्लांट (DSP) के निकटवर्ती मेनगेट इलाके और उसके आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में किया गया। मार्च के दौरान जवानों ने न केवल क्षेत्र का भौगोलिक जायजा लिया, बल्कि स्थानीय निवासियों से सीधे संवाद कर उन्हें सुरक्षा का भरोसा भी दिलाया। सूत्रों के अनुसार, चुनाव आयोग का उद्देश्य विधानसभा चुनाव से पहले केंद्रीय बलों की तैनाती कर असामाजिक तत्वों को कड़ा संदेश देना और आम जनता में आत्मविश्वास जगाना है। पिछले चुनावों के दौरान हुई छिटपुट हिंसा की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए इस बार सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए जा रहे हैं।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि प्रशासन की प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि प्रत्येक मतदाता बिना किसी दबाव या डर के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। वहीं, क्षेत्र में केंद्रीय बलों की मौजूदगी देखकर स्थानीय निवासियों और व्यापारियों में खुशी का माहौल है। मेनगेट इलाके के दुकानदारों का कहना है कि सुरक्षा बलों की समय से पहले उपस्थिति उन्हें मानसिक राहत दे रही है।

0 Comments