अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दुर्गापुर में पुलिस की जागरूकता रैली, महिला सुरक्षा और सशक्तीकरण का संदेश

दुर्गापुर :- अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के गरिमामय अवसर पर आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से रविवार को शहर में एक विशेष जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। सिटी सेंटर स्थित एक निजी शॉपिंग मॉल के सामने से शुरू हुई इस रैली का मुख्य उद्देश्य समाज में महिला सुरक्षा, नारी सशक्तीकरण और महिलाओं के अधिकारों के प्रति जन-जागरूकता फैलाना था। महिला पुलिसकर्मियों के नेतृत्व में निकली इस रैली ने सिटी सेंटर के विभिन्न मार्गों का भ्रमण किया और आम जनता को नारी सम्मान का संदेश दिया।


इस कार्यक्रम में दुर्गापुर थाने के प्रभारी अधिकारी संजीव दे और दुर्गापुर महिला थाने की प्रभारी अधिकारी रूपाली बनर्जी सहित आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की बड़ी संख्या में महिला पुलिसकर्मी शामिल हुईं। रैली के दौरान बैनर और पोस्टरों के जरिए यह संदेश दिया गया कि समाज की प्रगति के लिए महिलाओं की सुरक्षा और उनका आत्मनिर्भर होना अत्यंत आवश्यक है। पुलिस अधिकारियों ने राहगीरों और स्थानीय लोगों से संवाद कर उन्हें महिला सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा उठाए जा रहे कदमों की जानकारी भी दी।

इस अवसर पर दुर्गापुर महिला थाने की प्रभारी रूपाली बनर्जी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महज एक औपचारिकता नहीं, बल्कि समाज को यह याद दिलाने का दिन है कि महिलाएं देश की शक्ति हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पुलिस की इस तरह की पहल से समाज में महिलाओं के प्रति सम्मान बढ़ेगा और वे खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगी। पुलिस कमिश्नरेट की इस पहल की शहरवासियों ने काफी सराहना की है।

Post a Comment

0 Comments