रानीगंज :- ईरान, इजराइल और अमेरिका के बीच चल रहे सैन्य संघर्ष की आंच अब स्थानीय रसोई तक पहुँचने लगी है। इस तनाव के कारण देश भर में रसोई गैस की आपूर्ति प्रभावित हुई है, जिसका सीधा असर रानीगंज में भी देखने को मिल रहा है। रानीगंज के बर्न्स प्लट इलाके में रविवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब समय पर सिलेंडर न मिलने से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय गैस डिस्ट्रीब्यूटर एजेंसी के बाहर बड़ी संख्या में उपभोक्ता जमा हुए और वहां लगे एक नोटिस को देखकर भड़क गए, जिसमें लिखा था कि गैस की गाड़ी नहीं आने के कारण फिलहाल वितरण संभव नहीं है।
एजेंसी के बाहर जुटे उपभोक्ताओं ने डिस्ट्रीब्यूटर्स पर गंभीर आरोप लगाते हुए अव्यवस्था का मुद्दा उठाया। एक उपभोक्ता ने बताया कि उन्होंने कई दिनों पहले ही गैस बुक कर दी थी और उनके मोबाइल पर गैस डिलीवर होने का मैसेज भी आ चुका है, लेकिन वास्तव में उन्हें सिलेंडर प्राप्त नहीं हुआ। उपभोक्ताओं ने सवाल उठाया कि अगर गैस की डिलीवरी नहीं हुई है, तो सिस्टम में उसे 'डिलीवर्ड' कैसे दिखाया जा रहा है और आखिर उनका आवंटित सिलेंडर गया कहाँ ?
इस हंगामे के दौरान दफ्तर के बाहर लोगों की भारी भीड़ लगी रही। घरेलू काम-काज प्रभावित होने के कारण लोग काफी परेशान दिखे और उन्होंने जल्द से जल्द आपूर्ति सामान्य करने की मांग की। हालांकि एजेंसी ने वैश्विक कारणों और आपूर्ति में कमी का हवाला दिया है। प्रशासन की ओर से अब तक इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन आपूर्ति बाधित होने से आम जनता की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं।

0 Comments