आचार संहिता लागू होते ही सरकारी परिसरों से हटाई गई प्रचार सामग्री


कुल्टी :- निर्वाचन आयोग द्वारा विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा किए जाने के साथ ही पूरे क्षेत्र में आदर्श चुनाव आचार संहिता (MCC) प्रभावी हो गई है। चुनाव बआयोग के कड़े निर्देशों का पालन करते हुए कुल्टी विधानसभा क्षेत्र में प्रशासन ने सरकारी प्रतिष्ठानों और सार्वजनिक स्थानों से राजनीतिक दलों के झंडे, बैनर और पोस्टर हटाने का अभियान युद्धस्तर पर शुरू कर दिया है। चुनाव आचार संहिता लागू होते ही एमसीसी टीम पूरी तरह सक्रिय मोड में आ गई है। कुल्टी के विभिन्न इलाकों में टीम ने सघन भ्रमण कर सरकारी संपत्तियों पर अवैध रूप से लगी प्रचार सामग्री को जब्त किया और दीवारों पर चिपकाए गए पोस्टरों को साफ कराया। इस अभियान के संबंध में जानकारी देते हुए एमसीसी टीम के सदस्य कल्याण चौधरी ने बताया कि विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आदर्श चुनाव आचार संहिता लागू हो चुकी है। नियमानुसार, अब किसी भी सरकारी प्रतिष्ठान, कार्यालय या सार्वजनिक संपत्ति पर किसी भी राजनीतिक दल की प्रचार सामग्री लगाना पूरी तरह प्रतिबंधित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशासन ने पहले ही सभी राजनीतिक दलों से अपनी प्रचार सामग्री स्वयं हटाने का अनुरोध किया था, लेकिन जहां निर्देशों का पालन नहीं हुआ, वहां अब एमसीसी की टीम खुद पहुंचकर सामग्री हटा रही है।

Post a Comment

0 Comments