कोलकाता :- पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) के कार्यालय के बाहर मंगलवार को उस समय भारी तनाव फैल गया, जब तृणमूल कांग्रेस समर्थक बीएलओ (BLO) और भाजपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए। घटना की शुरुआत तब हुई जब टीएमसी समर्थक बीएलओ ने एक युवक को कथित तौर पर भारी मात्रा में 'फॉर्म 6' (नए मतदाता पंजीकरण फॉर्म) के साथ सीईओ कार्यालय में प्रवेश करते हुए पकड़ लिया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पूर्वी मेदिनीपुर का रहने वाला यह युवक अवैध तरीके से फॉर्म जमा करने आया था। इस विरोध प्रदर्शन के बीच ही चौरंगी से भाजपा उम्मीदवार संतोष पाठक के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता भी वहां पहुंच गए। भाजपा ने आरोप लगाया कि उनके कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई है। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई, जिससे स्ट्रैंड रोड स्थित कार्यालय के सामने की सड़क रणक्षेत्र में बदल गई। पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर दोनों गुटों को रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी सुरक्षा घेरा तोड़कर आगे बढ़ने का प्रयास करते रहे। दोपहर बाद तक स्थिति तनावपूर्ण बनी रही और दोनों पक्ष कार्यालय के बाहर धरने पर बैठे रहे। चुनाव आयोग ने अभी इस मामले पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण नहीं दिया है।


0 Comments