दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के लिए सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है। तृणमूल कांग्रेस की सुप्रीमो और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मंगलवार, 24 मार्च से अपने राज्यव्यापी चुनावी अभियान का शंखनाद करने जा रही हैं। खराब मौसम के कारण उनके कार्यक्रम में आंशिक बदलाव किया गया था, जिसके बाद अब वे उत्तर बंगाल से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मंगलवार को मुख्यमंत्री जलपाईगुड़ी पहुंचेंगी, जहां वे चालसा स्थित ज्योति आश्रम कैथोलिक चर्च में एक महत्वपूर्ण बैठक करेंगी। रात्रि विश्राम चालसा में करने के बाद, बुधवार को वे जलपाईगुड़ी के मयनागुड़ी और सिलीगुड़ी के डबग्राम-फुलबाड़ी तथा माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी केंद्रों पर जनसभाएं कर पार्टी प्रत्याशियों के लिए समर्थन मांगेंगी।
उत्तर बंगाल के बाद मुख्यमंत्री का पूरा ध्यान दक्षिण बंगाल के 'हॉट सीट्स' पर केंद्रित होगा। इसी क्रम में आगामी 26 मार्च को ममता बनर्जी पश्चिम वर्द्धमान जिले के हाई-प्रोफाइल पांडवेश्वर विधानसभा क्षेत्र में एक बड़ी जनसभा को संबोधित करेंगी। लाउदोहा फुटबॉल मैदान में होने वाली इस सभा को लेकर जमीनी स्तर पर तैयारियां तेज कर दी गई हैं और सोमवार सुबह इसी मैदान पर मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग का सफल मॉक ड्रिल भी किया गया। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मुख्यमंत्री दुर्गापुर को अपना केंद्र बनाकर यहां से दक्षिण बंगाल के विभिन्न जिलों में चुनाव प्रचार के लिए निकलेंगी। 26 मार्च को सिलीगुड़ी से सीधे अंडाल पहुंचने के बाद वे लाउदोहा में जनसभा करेंगी और उसी दिन बीरभूम के दुबराजपुर में भी हुंकार भरेंगी।
चुनावी अभियान के अगले चरण में 27 मार्च को मुख्यमंत्री बांकुड़ा जिले के छातना और ओंदा में सभाएं करने के बाद वापस दुर्गापुर लौटेंगी। इसके बाद 28 मार्च को रानीगंज विधानसभा क्षेत्र, रघुनाथपुर और काशीपुर में उनकी रैलियां प्रस्तावित हैं। मार्च के अंतिम दिनों में वे पुरुलिया के मानबाजार और बांकुड़ा के रायपुर में प्रचार करेंगी। आगामी 30 और 31 मार्च को मुख्यमंत्री का काफिला मेदिनीपुर के विभिन्न क्षेत्रों जैसे पांशकुड़ा पश्चिम, डेबरा, नारायणगढ़ और चंद्रकोणा की ओर रुख करेगा। अप्रैल के महीने में होने वाले मतदान से पहले तृणमूल कांग्रेस अपने दो प्रमुख चेहरों—ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी के जरिए राज्य भर में प्रचार की धार को और तेज करने की रणनीति पर काम कर रही है।


0 Comments