रघुनाथगंज में रामनवमी पर हुई हिंसा पर भड़की CM ममता बनर्जी, कहा- 'किसी को बख्शा नहीं जाएगा'

रानीगंज :- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने शनिवार को रानीगंज के खांदरा फुटबॉल मैदान में आयोजित एक चुनावी जनसभा के दौरान मुर्शिदाबाद के रघुनाथगंज में हुई हिंसक झड़पों को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। मुख्यमंत्री ने इस हिंसा के लिए सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और चुनाव आयोग को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया कि प्रशासनिक फेरबदल की आड़ में जानबूझकर अशांति फैलाई गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखे लहजे में चेतावनी देते हुए कहा कि इस साजिश में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और कानून अपना काम करेगा।

रघुनाथगंज में दो गुटों के बीच हुई झड़प पर बोलते हुए तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ने आरोप लगाया कि अनुभवी अधिकारियों और अमला तंत्र को हटाकर दंगे कराए गए हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किसने दंगा भड़काने का अधिकार दिया है? ममता बनर्जी ने यह भी दावा किया कि रामनवमी के जुलूसों में हथियारों का प्रदर्शन किया गया और भारी मात्रा में पैसा झोंका जा रहा है, लेकिन आयोग के नियंत्रण वाले प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। उन्होंने प्रशासन के "लापरवाह रवैये" और हिंसक घटनाओं के लिए जनता से माफी भी मांगी।


मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिकारियों को हटाकर दंगा कराया गया है। पैसे का खेल चल रहा है, लेकिन याद रखें, हिंसा फैलाने वालों को छोड़ा नहीं जाएगा। जनसभा के अंत में उन्होंने एक जिम्मेदार रुख अपनाते हुए शांति की अपील की। उन्होंने उम्मीद जताई कि वर्तमान में तैनात अधिकारी निष्पक्ष होकर काम करेंगे और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था व शांति बनाए रखेंगे। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान कानून-व्यवस्था का जिम्मा चुनाव आयोग के अधीन होता है, जिसे लेकर मुख्यमंत्री लगातार हमलावर रही हैं।

Post a Comment

0 Comments