रसोई गैस मूल्यवृद्धि पर CM ममता बनर्जी का हल्लाबोल, काला ड्रेस और बर्तनों लेकर होगा जुलूस

कोलकाता :- घरेलू रसोई गैस की कीमतों में हुई भारी बढ़ोतरी के खिलाफ पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को धर्मतला स्थित धरना मंच से मुख्यमंत्री ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस (रविवार) के अवसर पर महिलाओं से सड़कों पर उतरने का आह्वान किया। उन्होंने महिलाओं से अपील की कि वे विरोध स्वरूप काली साड़ी पहनकर और हाथों में हट्टा, खूंती (कलछी), गैस ओवन व कच्ची सब्जियां लेकर इस विरोध मार्च में शामिल हों।


मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गैस की कीमतें बढ़ने से आम जनता के लिए खाना बनाना दूभर हो गया है। उन्होंने तंज कसा कि एक ओर जहां सिलेंडर के दाम आसमान छू रहे हैं, वहीं दूसरी ओर गैस बुकिंग के लिए 21 दिनों का अनिवार्य अंतराल लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि यह विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होगा, लेकिन इसकी भाषा बेहद मुखर होगी। इस मार्च की रूपरेखा और समय तय करने की जिम्मेदारी मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य को दी गई है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद इस रैली का नेतृत्व करेंगी, हालांकि उन्होंने बताया कि वे स्वयं सफेद साड़ी में ही मौजूद रहेंगी।

Post a Comment

0 Comments