त्रुटिहीन वोटर लिस्ट और विधानसभा चुनाव के तारीखों की घोषणा की मांग पर CPIM का प्रदर्शन


आसनसोल :- राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर शुद्ध एवं त्रुटिमुक्त मतदाता सूची प्रकाशित करने और चुनाव की तारीखों की तत्काल घोषणा की मांग को लेकर भारत की कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) यानी माकपा ने आसनसोल में हुंकार भरी। शुक्रवार को माकपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने बड़ी संख्या में एकत्रित होकर आसनसोल महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सड़क जाम कर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की, जिससे यातायात व्यवस्था कुछ समय के लिए प्रभावित रही।

बिगड़ती स्थिति और प्रदर्शनकारियों के तेवर देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा के लिहाज से महकमा शासक कार्यालय का मुख्य गेट बंद कर दिया। इस दौरान प्रदर्शनकारी गेट के भीतर जाने की कोशिश करते नजर आए, जिससे पुलिस कर्मियों और माकपा कार्यकर्ताओं के बीच काफी देर तक तीखी बहस और धक्का-मुक्की भी हुई। तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी।




आंदोलन के अंत में माकपा के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने महकमा शासक से मुलाकात की और अपनी मांगों से संबंधित एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस अवसर पर माकपा के राज्य नेता पार्थ मुखर्जी ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि प्रशासन को निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव सुनिश्चित करने के लिए जल्द से जल्द मतदाता सूची की विसंगतियों को दूर करना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी जायज मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई, तो पार्टी आने वाले समय में और भी बड़ा आंदोलन करेगी।

Post a Comment

0 Comments