दुर्गापुर :- विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी के बीच पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुदबुद थाना अंतर्गत मानकर इलाके में श्मशान के पास मानकर-गुसकरा रोड पर नाका चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक छोटी कार से भारी मात्रा में नकदी बरामद की है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब्त की गई रकम लगभग 10 लाख रुपये होने का अनुमान है, जिसकी सटीक गणना के लिए नोट गिनने का काम तुरंत शुरू कर दिया गया।
यह कार्रवाई मंगलवार देर रात को उस समय हुई जब पुलिस की एक टीम नियमित नाका चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मानकर की ओर से गुसकरा की तरफ जा रही एक संदिग्ध कार को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो वाहन के भीतर से बड़ी मात्रा में कैश बरामद हुआ। कार में सवार लोग इस भारी भरकम नकदी के स्रोत और इसे ले जाने के उद्देश्य के बारे में कोई संतोषजनक दस्तावेज या जवाब नहीं दे सके। पुलिस ने एहतियात के तौर पर कार सवार कई व्यक्तियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे कड़ी पूछताछ की जा रही है। चुनावी माहौल में इतनी बड़ी रकम का मिलना कई तरह के सवाल खड़े कर रहा है, जिसकी पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है।



0 Comments