दुर्गापुर :- बहुचर्चित कोयला तस्करी मामले की जांच के सिलसिले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की सक्रियता एक बार फिर बढ़ गई है। बुधवार को जांच अधिकारियों की एक टीम ने दुर्गापुर में बुदबुद थाने के पूर्व ओसी (थाना प्रभारी) मनोरंजन मंडल के आवास पर जोरदार छापेमारी की। करीब 6 घंटे तक चली इस सघन तलाशी के बाद जब ईडी के अधिकारी घर से बाहर निकले, तो उनके हाथों में एक प्रिंटर और सीलबंद लिफाफों में रखे कई महत्वपूर्ण दस्तावेज देखे गए। हालांकि, इस पूरी कार्रवाई के दौरान घर पर कोई भी सदस्य मौजूद नहीं मिला, जिसके चलते अधिकारियों ने घर की दीवार पर हाजिरी का नया समन चस्पा कर दिया है।
ईडी सूत्रों के मुताबिक, मनोरंजन मंडल को इस मामले में पहले भी कई बार पूछताछ के लिए बुलाया जा चुका है, लेकिन वे लगातार पेशी से बच रहे हैं। इसी कारण बुधवार सुबह टीम उनके सिटी सेंटर स्थित आवास पर पहुंची थी। मनोरंजन मंडल का विवादों से पुराना नाता रहा है; वे जब बाराबनी थाने के ओसी थे, तब भी उन पर कई गंभीर आरोप लगे थे। बाद में उन्हें आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की स्पेशल ब्रांच में स्थानांतरित कर दिया गया था। पिछले साल दिसंबर में उन्हें बुदबुद थाने का ओसी नियुक्त किया गया था, लेकिन पदभार संभालने से पहले ही ईडी की कार्रवाई शुरू हो गई, जिसके बाद उन्हें फिर से स्पेशल ब्रांच में भेज दिया गया।
वर्तमान में जांचकर्ताओं के लिए मनोरंजन मंडल का पता लगाना एक चुनौती बना हुआ है क्योंकि वे नोटिस का कोई जवाब नहीं दे रहे हैं। वहीं, पुलिस सूत्रों का कहना है कि वे फिलहाल छुट्टी पर चल रहे हैं। बुधवार की इस लंबी छापेमारी और दस्तावेजों की जब्ती के बाद अब ईडी की नजर आगामी शुक्रवार पर है, जब मनोरंजन मंडल को पूछताछ के लिए कार्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है। 3 जनवरी को हुई पिछली छापेमारी के बाद इस ताजा कार्रवाई ने जिले के पुलिस महकमे और प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मचा दिया है।




0 Comments