दुर्गापुर :- रविवार की सुबह दुर्गापुर के वार्ड नंबर 18 स्थित निशान हाट बस्ती इलाके में उस समय भारी तनाव फैल गया, जब भाजपा और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के समर्थक आमने-सामने आ गए। दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई अपने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा कार्यकर्ताओं ने 'जय श्री राम' के नारे लगाने शुरू किए, जिसके जवाब में वहां मौजूद तृणमूल समर्थकों ने 'जय बांग्ला' के नारे लगाने शुरू कर दिए। देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और स्थिति काफी तनावपूर्ण हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और सूझबूझ से स्थिति को नियंत्रित किया। मामले को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई ने दावा किया कि तृणमूल कांग्रेस ने महिलाओं को पैसे देकर 'जय बांग्ला' के नारे लगवाए और जानबूझकर प्रचार में बाधा डालने की कोशिश की। दूसरी ओर, स्थानीय तृणमूल नेता बबुआ ठाकुर और वार्ड अध्यक्ष काजल बनर्जी ने भाजपा प्रत्याशी पर पलटवार करते हुए कहा कि लक्ष्मण घोरुई पिछले पांच वर्षों से क्षेत्र से गायब थे और अब चुनाव आते ही 'नाटक' कर रहे हैं। तृणमूल नेताओं का कहना है कि उन्होंने किसी को निशाना बनाकर नारेबाजी नहीं की, बल्कि केवल बंगाल की अस्मिता का नारा बुलंद किया।
तनावपूर्ण माहौल के बीच दुर्गापुर में एक मानवीय दृश्य भी देखने को मिला। जनसंपर्क के दौरान लक्ष्मण घोरुई ने जब देखा कि इलाके में पेयजल की भारी किल्लत है और एक बुजुर्ग महिला को काफी दूर से पानी लाना पड़ रहा है, तो उन्होंने खुद पानी की दो बाल्टियां उठाकर महिला के घर तक पहुंचाईं। भाजपा प्रत्याशी ने इस मौके पर स्थानीय प्रशासन और सत्तापक्ष को घेरते हुए कहा कि आम जनता आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए तरस रही है और पीने के पानी की समस्या यहां विकराल रूप ले चुकी है। फिलहाल इलाके में पुलिस बल तैनात है और स्थिति शांतिपूर्ण बनी हुई है।




0 Comments