Durgapur में BJP प्रत्याशी पर लगा पैसे बांटने का आरोप, TMC ने बताया आचार संहिता का उल्लंघन

दुर्गापुर :- विधानसभा चुनाव प्रचार के बीच दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई विवादों में घिर गए हैं। रविवार को 18 नंबर वार्ड के बेनाचिति गुरुद्वारा इलाके में जनसंपर्क अभियान के दौरान उनपर पैसे बांटने का गंभीर आरोप लगा है। तृणमूल कांग्रेस ने इसे आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन बताते हुए चुनाव आयोग से शिकायत करने की बात कही है। हालांकि सोसाइटी रिव्यू टाइम्स ने वायरल वीडियो की सत्यता की जांच नहीं की है। 

सूत्रों के अनुसार, जब भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई चुनाव प्रचार कर रहे थे, उसी दौरान उन्हें बाउल समुदाय के एक व्यक्ति के हाथ में कुछ देते हुए देखा गया। इसके तुरंत बाद उस व्यक्ति ने प्राप्त वस्तु को अपने माथे से लगाकर प्रणाम किया, जिससे राजनीतिक गलियारों में हलचल तेज हो गई है।



सत्तारूढ़ दल तृणमूल कांग्रेस ने इस घटना को चुनाव आचार संहिता का खुला उल्लंघन बताते हुए भाजपा प्रत्याशी पर तीखा हमला बोला है। तृणमूल नेता उत्तम मुखर्जी का आरोप है कि भाजपा हार के डर से वोट खरीदने की कोशिश कर रही है और खुलेआम पैसे बांटकर मतदाताओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रही है। हालांकि, भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई ने इन सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जानबूझकर उनकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है और उन्होंने किसी भी प्रकार की नकद राशि का वितरण नहीं किया है। फिलहाल इस मामले को लेकर इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और चुनाव आयोग की नजर इस घटनाक्रम पर टिकी है।

Post a Comment

0 Comments