दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियों को धार देना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में सोमवार को दुर्गापुर के मोचीपाड़ा स्थित एक होटल में भाजपा की एक अत्यंत महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में राढ़ बंगाल के विभिन्न जिलों—बांकुड़ा, पुरुलिया, बीरभूम और पूर्व व पश्चिम वर्द्धमान के पार्टी प्रत्याशी और जिला स्तर के वरिष्ठ नेता शामिल हुए। चुनावी रणनीतियों पर मंथन करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष शमिक भट्टाचार्य, पश्चिम बंगाल के चुनाव प्रभारी भूपेंद्र यादव, पर्यवेक्षक सुनील बंसल, सतीश धोंड, सांसद सौमित्र खां सहित पार्टी के कई दिग्गज चेहरे विशेष रूप से उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान विधानसभा चुनाव को देखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने और विरोधियों को मात देने के लिए सूक्ष्म रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई। शीर्ष नेतृत्व ने सभी प्रत्याशियों को निर्देश दिए कि वे जमीनी स्तर पर जनता से संपर्क बढ़ाएं और केंद्र सरकार की उपलब्धियों को हर घर तक पहुंचाएं। बैठक में राढ़ बंगाल की प्रत्येक विधानसभा सीट की वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई और चुनाव प्रचार को और अधिक आक्रामक बनाने पर जोर दिया गया। पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट किया कि संगठन की मजबूती ही जीत का आधार बनेगी, जिसके लिए कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर काम करना होगा। भाजपा की इस कवायद को राढ़ बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत करने और विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक प्रदर्शन सुनिश्चित करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।



0 Comments