दुर्गापुर :- बुधवार को दुर्गापुर पश्चिम के भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोरुई को मायाबाजार इलाके में उस समय असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब वे अपने समर्थकों के साथ चुनाव प्रचार और अपना 'रिपोर्ट कार्ड' पेश करने पहुंचे थे। भाजपा प्रत्याशी के इलाके में कदम रखते ही स्थानीय युवाओं के एक समूह ने उन्हें घेर लिया और पिछले पांच वर्षों के दौरान क्षेत्र से उनकी अनुपस्थिति को लेकर कड़े सवाल पूछने शुरू कर दिए। देखते ही देखते विरोध प्रदर्शन ने उग्र रूप ले लिया और पूरे इलाके में तनाव फैल गया। स्थिति तब और बिगड़ गई जब भाजपा कार्यकर्ता और प्रदर्शनकारी आमने-सामने आ गए।
भाजपा प्रत्याशी लखन घोरुई ने आरोप लगाया कि इस विरोध प्रदर्शन के पीछे सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस का हाथ है और यह भाजपा प्रत्याशी के प्रचार अभियान को बाधित करने की एक सोची-समझी साजिश है। मौके पर मौजूद 'गो बैक' और 'जय बांग्ला' के नारों के बीच पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को हस्तक्षेप करना पड़ा, जिन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद भाजपा प्रत्याशी लखन घोरुई को सुरक्षित वहां से निकाला। वहीं दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी कवि दत्त ने इस मामले को ज्यादा महत्व नहीं दिया। उन्होंने कहा कि अगर कोई नारेबाजी करता है तो इसमें किसी को आपत्ति नहीं होनी चाहिए।



0 Comments