दुर्गापुर :- दुर्गापुर नगर निगम के 36 नंबर वार्ड के नयाबाजार इलाके में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की तस्वीर पर गोबर पोतने की घटना से भारी तनाव फैल गया है। स्थानीय तृणमूल कांग्रेस नेतृत्व के अनुसार, इलाके की दीवारों पर मुख्यमंत्री की पेंटिंग और राज्य सरकार की विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के चित्र बनाए गए थे। आरोप है कि बीती रात अज्ञात उपद्रवियों ने मुख्यमंत्री की एक तस्वीर पर गोबर लेप दिया, जिसके पीछे तृणमूल ने विपक्षी दलों की साजिश होने का दावा किया है। घटना की सूचना मिलते ही कोकोवन थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
इस घटना के विरोध में दुर्गापुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल उम्मीदवार कवि दत्त अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए। कवि दत्त ने खुद अपने हाथों से मुख्यमंत्री की तस्वीर से गोबर साफ किया और विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि जो लोग इस तरह की ओछी और गंदी राजनीति कर रहे हैं, बंगाल की जनता उन्हें करारा जवाब देगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे खुद कभी किसी के खिलाफ झूठे आरोप या अभद्र राजनीति नहीं करते हैं, लेकिन इस मामले की शिकायत पुलिस से कर दी गई है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
दूसरी ओर, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। दुर्गापुर पश्चिम से भाजपा प्रत्याशी लक्ष्मण घोड़ुई ने पलटवार करते हुए कहा कि इस घटना के पीछे भाजपा का कोई हाथ नहीं है, बल्कि यह तृणमूल कांग्रेस की आपसी गुटबाजी का परिणाम है। उन्होंने दावा किया कि दुर्गापुर के लोग अब जागरूक हो चुके हैं और भाजपा को मजबूत कर रहे हैं। घोड़ुई ने विश्वास जताया कि आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा भारी मतों से विजयी होगी। वर्तमान में इलाके में पुलिस की तैनाती है और मामले की जांच जारी है।




0 Comments