दुर्गापुर :- SIR के नाम पर गरीब तबके के लोगों का नाम मतदाता सूची से काटे जाने का आरोप लगाते हुए सोमवार सुबह दुर्गापुर में राजनीतिक माहौल गरमा गया। CPIM की युवा नेता और प्रत्याशी ऐशी घोष के नेतृत्व में पार्टी कार्यकर्ताओं ने दुर्गापुर के भगत सिंह क्रीड़ांगन के सामने मुख्य सड़क को जाम कर दिया और जमकर विरोध प्रदर्शन किया। करीब आधे घंटे से अधिक समय तक चले विरोध प्रदर्शन के कारण यातायात पूरी तरह ठप हो गया, जिसे नियंत्रित करने के लिए दुर्गापुर थाने की पुलिस और केंद्रीय बलों की भारी टुकड़ी को मौके पर पहुंचना पड़ा।
प्रदर्शन के दौरान CPIM कार्यकर्ताओं ने केंद्र और राज्य दोनों सरकारों पर तीखा हमला बोला। कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग केंद्र सरकार के इशारे पर काम कर रहा है और देश के वैध नागरिकों के नाम जानबूझकर मतदाता सूची से हटाकर उन्हें संकट में डाला जा रहा है। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं ऐप्सी घोष ने केंद्र सरकार पर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नष्ट करने का गंभीर आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य के करीब 60 लाख लोगों के नाम अभी विचाराधीन सूची में हैं, ऐसे में ये लोग न्याय के लिए कहां जाएंगे?
ऐशी घोष ने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि उन्होंने वादा किया था कि वह किसी भी नागरिक का नाम कटने नहीं देंगी, लेकिन वर्तमान में वह केवल हेलीकॉप्टर से चुनावी दौरों में व्यस्त हैं और आम जनता की समस्याओं के समाधान के लिए कुछ नहीं कर रही हैं। CPIM ने मांग की है कि वास्तविक नागरिकों के अधिकारों की रक्षा की जाए और इस साजिश में शामिल तत्वों को बेनकाब किया जाए। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात बहाल कराया।



0 Comments