दुर्गापुर (राम बाबू यादव) :- विधान नगर बस स्टैंड इलाके में मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। तेज गति से आ रही 'पुलिस' लिखी एक अनियंत्रित चार पहिया गाड़ी सड़क किनारे एक फल की दुकान में जा घुसी, जिसकी चपेट में आने से कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस दर्दनाक हादसे में एक 55 वर्षीय प्रौढ़ की मौत हो गई, जबकि एक मासूम बच्चा अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। मृतक की पहचान विधान नगर के स्वप्ना मार्केट निवासी गोपाल प्रसाद बर्नवाल के रूप में हुई है।
पुलिस सूत्रों और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, 'पुलिस' लिखी उक्त कार हार्डको मोड़ से स्टील मार्केट की ओर जा रही थी। चश्मदीदों का आरोप है कि कार की रफ्तार बहुत तेज थी। गोलाई के पास चालक ने वाहन पर से अपना नियंत्रण खो दिया और कार सीधे फल की दुकान में जा घुसी। उस वक्त दुकान पर गोपाल प्रसाद बर्नवाल अपने साथ एक बच्चे के साथ फल खरीद रहे थे। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वहां मौजूद अन्य राहगीर और विक्रेता भी इसकी चपेट में आ गए।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत दुर्गापुर महकुमा अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने गोपाल प्रसाद को मृत घोषित कर दिया। घायल बच्चे की हालत अब भी चिंताजनक बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव फैल गया। विधान नगर चौकी की पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए कार चला रहे पूर्व सीआरपीएफ (CRPF) अधिकारी को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी (ट्रैफिक-3) राजकुमार मालाकार ने घटना की पुष्टि करते हुए कहा कि मामले की गहन जांच की जा रही है कि आखिर कार इतनी तेज गति में क्यों थी।




0 Comments