दुर्गापुर :- पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के बीच दुर्गापुर के वार्ड नंबर 19 स्थित बूथ संख्या 117 पर राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दुर्गापुर चैंबर ऑफ कॉमर्स के समीप तृणमूल कांग्रेस (TMC) की उम्मीदवार कबी दत्त के पोस्टर और बैनर फाड़े जाने को लेकर इलाके में भारी तनाव फैल गया। घटना की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाना पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति को नियंत्रित किया।
स्थानीय टीएमसी नेता काजल नायक ने आरोप लगाया कि शनिवार शाम को लगाए गए बैनरों को देर रात भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने फाड़ दिया। नायक ने कहा कि जब मुझे सुबह करीब 5 बजे इसकी जानकारी मिली, तो मैंने देखा कि हमारे उम्मीदवार के पोस्टर क्षत-विक्षत पड़े हैं। हमने तुरंत पुलिस को सूचित किया है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि दोषियों की पहचान की जा सके। उन्होंने बीजेपी उम्मीदवार लक्ष्मण घोड़ुई पर निशाना साधते हुए कहा कि बाहर से गुंडे लाकर चुनाव नहीं जीते जा सकते, अगर हिम्मत है तो दिन के उजाले में इसका मुकाबला करें।
दूसरी ओर, बीजेपी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बीजेपी के जिला प्रवक्ता सुमंत मंडल ने इसे तृणमूल कांग्रेस का 'चुनावी नाटक' करार दिया। उन्होंने कहा कि हार के डर से टीएमसी खुद ही ऐसे हथकंडे अपनाकर सहानुभूति बटोरने की कोशिश कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है।


0 Comments