प्रत्यक्षदर्शियों और क्लब अधिकारियों के अनुसार, टूर्नामेंट के दूसरे दिन मैदान के चारों ओर भारी भीड़ थी। पास के एक फ्लैट के निवासी को अपनी कार निकालने में असुविधा हो रही थी। इसी बात से नाराज होकर उस व्यक्ति की पत्नी अपनी स्कूटी लेकर सीधे मैदान के बीचों-बीच क्रिकेट पिच पर जा पहुंची। खेल के बीच में इस तरह के हस्तक्षेप से खिलाड़ी और खेल प्रेमी भड़क गए और महिला के साथ उनकी तीखी नोकझोंक शुरू हो गई।
हंगामे की सूचना मिलते ही दुर्गापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया, तो आक्रोशित भीड़ ने पुलिस पर ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। सूत्रों के अनुसार, घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया है। घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए क्लब के सचिव सहित तीन सदस्यों और आरोपी पति-पत्नी को हिरासत में ले लिया है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट के एसीपी सुबीर रॉय भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हालांकि, उन्होंने आधिकारिक तौर पर पुलिस के घायल होने की बात को स्वीकार नहीं किया, लेकिन पुष्टि की कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। मैदान और आसपास के इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है।




0 Comments